कल से शुरू होगी एमपीपीएससी राज्य सेवा मुख्य परीक्षा, प्रदेशभर में तैयारियां पूरी

0
Spread the love

मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) की राज्य सेवा मुख्य परीक्षा का आयोजन 8 अगस्त से 13 अगस्त तक प्रदेश के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। परीक्षा को लेकर आयोग और जिला प्रशासनों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा प्रतिदिन निर्धारित समय पर एकल सत्र में आयोजित होगी और सुरक्षा व गोपनीयता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर विशेष इंतजाम किए गए हैं।ग्वालियर में परीक्षा का आयोजन लश्कर स्थित के.आर.जी. कॉलेज परीक्षा केंद्र पर होगा, जहां लगभग 210 अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए जिला प्रशासन ने कलेक्ट्रेट के कक्ष क्रमांक-113 में कंट्रोल रूम स्थापित किया है, जो परीक्षा अवधि के दौरान प्रतिदिन सुबह 9 बजे से परीक्षा समाप्त होने तक कार्यरत रहेगा। अभ्यर्थी आवश्यकता पड़ने पर कंट्रोल रूम के दूरभाष 0751-2446214 अथवा अधीक्षक श्री आर.आई. भगत के मोबाइल 94251-35143 पर संपर्क कर सकेंगे।ग्वालियर में परीक्षा संचालन की जिम्मेदारी संयुक्त कलेक्टर शिवांगी अग्रवाल को सौंपी गई है, जबकि आयोग ने सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी कृष्ण मोहन गौतम को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।आयोग ने अभ्यर्थियों को समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह देते हुए स्पष्ट किया है कि मोबाइल फोन, स्मार्ट व डिजिटल घड़ी, ब्लूटूथ, कैलकुलेटर, धातु की वस्तुएं, बेल्ट, पर्स, बैग तथा अन्य प्रतिबंधित सामग्री परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी। जूते-मोजे पहनकर प्रवेश भी प्रतिबंधित रहेगा, जबकि चप्पल पहनकर आने की अनुमति होगी।प्रदेश की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल राज्य सेवा मुख्य परीक्षा के माध्यम से विभिन्न प्रशासनिक एवं राज्य सेवाओं के पदों पर चयन किया जाएगा। ऐसे में हजारों अभ्यर्थियों की निगाहें अब इस परीक्षा पर टिकी हैं, जिसके साथ उनके प्रशासनिक सेवा में प्रवेश का अगला चरण शुरू होगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *