उद्यानिकी निदेशक-सह-आयुक्त सौरभ सुमन ने सब्जी अनुसंधान फार्म का आधिकारिक भ्रमण किया

0
Spread the love

जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय (जेएनकेवीवी), जबलपुर स्थित महाराजपुर सब्जी अनुसंधान फार्म पर शुक्रवार को उद्यानिकी निदेशक-सह-आयुक्त सौरभ सुमन ने आधिकारिक भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय में चल रही अनुसंधान गतिविधियों, संकर बीज उत्पादन की आधुनिक तकनीकों और फल-सब्जी विकास से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं का विस्तृत जायजा लिया।

भ्रमण की शुरुआत में उन्होंने मंडी बोर्ड द्वारा वित्त पोषित ‘हाइब्रिड सीड प्रोडक्शन ऑफ वेजिटेबल क्रॉप्स’ परियोजना के अंतर्गत स्थापित संकर बीज उत्पादन क्षेत्र का विशेष निरीक्षण किया, जहाँ उन्होंने देखा कि भिंडी की संकर बीज किस प्रकार तैयार किये जाते हैं और इसके पीछे की बारीकियों को समझा। इस अवसर पर परियोजना प्रभारी एवं सहायक अनुसंधान निदेशक डॉ. अखिलेश तिवारी ने भिंडी में परागण की विधि, मातृ व पितृ पंक्तियों के चयन, पृथक्करण दूरी और गुणवत्तायुक्त हाइब्रिड बीज तैयार करने की संपूर्ण तकनीक की विस्तृत जानकारी दी। इसके पश्चात आयुक्त महोदय ने ‘अखिल भारतीय समन्वित अनुसंधान परियोजना सब्जी फसल’ के तहत विभिन्न सब्जियों पर लगाए गए मूल्यांकन परीक्षणों का निरीक्षण किया, साथ ही शुष्क फल क्षेत्र का जायजा लेते हुए बेल में अपनाई जा रही ग्राफ्टिंग (कलम बांधने) की उन्नत तकनीक का अवलोकन भी किया। तत्पश्चात उन्होंने ‘अखिल भारतीय समन्वित अनुसंधान शुष्क फल परियोजना के तहत स्थापित बगीचे का अवलोकन किया, जहाँ बेल, जामुन और इमली का पौधारोपण किया गया है; इसी दौरान उन्होंने मुख्य रूप से बेल में अपनाई जा रही ग्राफ्टिंग (कलम बांधने) की उन्नत तकनीक का भी सूक्ष्म निरीक्षण किया।

भ्रमण के दौरान विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. पी. के. मिश्रा, कुलसचिव डॉ. ए. के. जैन, निदेशक फार्म डॉ. विजय यादव, तथा विभागाध्यक्ष एवं अधिष्ठाता उद्यानिकी संकाय डॉ. स्वाति बारछे मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इनके साथ ही वैज्ञानिक दल में डॉ. अखिलेश तिवारी, डॉ. बी. पी. बिसेन, डॉ. यू. के. चंदेलिया, डॉ. रजनी शर्मा, डॉ. मीनाक्षी रामगिरी, डॉ. भारती चौधरी, श्रीमती सुप्रिया गुप्ता, डॉ. सौरभ यादव, डॉ. शुभम अहिरवार और श्री हिमांशु वर्मा शामिल रहे। भ्रमण के समापन पर आयुक्त महोदय ने वैज्ञानिकों के शोध कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इन आधुनिक तकनीकों का सीधा लाभ प्रदेश के किसानों को मिलेगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *