नगर निगम जबलपुर के बाबू को रिश्वत लेते हुए ईओडब्ल्यू ने रंगे हाथ पकड़ा
नगर निगम का बाबू राकेश शर्मा 3000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार
जबलपुर में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर निगम के बाबू राकेश शर्मा को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई नगर निगम मुख्यालय के ठीक सामने की गई, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई।आरोपी बाबू स्वास्थ्य विभाग में पदस्थ कर्मचारी पी. रामाराव की मेडिकल लीव (चिकित्सा अवकाश) स्वीकृत करने के एवज में 3 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था।जानकारी के अनुसार, पीड़ित कर्मचारी ने अपनी मेडिकल लीव स्वीकृत कराने के लिए आवेदन दिया था। इसी काम को कराने के बदले बाबू राकेश शर्मा ने उससे 3 हजार रुपये की मांग की। रिश्वत की मांग से परेशान होकर पीड़ित ने इसकी शिकायत आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ कार्यालय में की।शिकायत की प्राथमिक जांच और तस्दीक के बाद ईओडब्ल्यू की टीम ने जाल बिछाया। जैसे ही पीड़ित कर्मचारी ने बाबू को तय राशि सौंपी, टीम ने मौके पर ही उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।ईओडब्ल्यू अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
