यादव जी की लव स्टोरी’ पर जबलपुर में विरोध, समदड़िया मॉल पहुंचा यादव समाज; फिल्म प्रदर्शन रोकने की मांग
फिल्म में समाज की छवि धूमिल करने का आरोप, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन; चेतावनी—मांगें न मानीं तो होगा उग्र आंदोलन
शुक्रवार को रिलीज हुई फिल्म ‘यादव जी की लव स्टोरी’ को लेकर शहर में विरोध के स्वर तेज हो गए। यादव समाज के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में समाजजनों ने समदड़िया मॉल पहुंचकर फिल्म के प्रदर्शन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और सिनेमाघरों में इसका प्रदर्शन तत्काल रोकने की मांग की।प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि ओम खुराना प्रोडक्शन द्वारा निर्मित इस फिल्म में यादव समाज के एक वर्ग को अपराध और दुराचार से जुड़ी परिस्थितियों में दर्शाया गया है, जिससे समाज की छवि धूमिल हुई है। समाज के पदाधिकारियों का कहना है कि फिल्म में एक विशेष समुदाय को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है, जो पूरी तरह अस्वीकार्य है।यादव समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि उनका समाज सदैव राष्ट्र निर्माण और सामाजिक समरसता में विश्वास रखता आया है। वर्ष 1857 के संग्राम से लेकर आज तक समाज ने एकता और भाईचारे का संदेश दिया है। ऐसे में फिल्मों के माध्यम से समाज की छवि बिगाड़ने के प्रयास को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।प्रदर्शन के दौरान समाज के पदाधिकारियों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि फिल्म के आपत्तिजनक दृश्यों को तत्काल हटाया जाए अथवा शहर में इसके प्रदर्शन पर रोक लगाई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले की जांच और आगे की कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
