बदमाश आकाश उर्फ बग्गा गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला पैदल जुलूस
कुख्यात रांझी, व्हीकल और शोभापुर क्षेत्रों में लंबे समय से दहशत का पर्याय बने कुख्यात बदमाश आकाश उर्फ बग्गा को पुलिस ने आखिरकार सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने शांति नगर क्षेत्र में उसका पैदल जुलूस निकाला। यह वही इलाका है, जहां आरोपी अक्सर वारदातों को अंजाम देकर लोगों में भय पैदा करता था। पुलिस का उद्देश्य अपराधियों के मन में कानून का खौफ पैदा करना और जनता के बीच फैले डर को खत्म करना बताया गया।14 संगीन मामलों का आरोपी, अब रासुका की कार्रवाईआकाश उर्फ बग्गा रांझी थाने का सूचीबद्ध गुंडा है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास सहित कुल 14 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसी वर्ष 8 जनवरी को शांति नगर में उसने लगातार तीन चाकूबाजी की घटनाएं की थीं, जिनमें नागेंद्र सिंह पर किया गया जानलेवा हमला भी शामिल है। वारदातों के बाद से वह फरार चल रहा था और छिपकर लोगों को धमका रहा था। उसकी बढ़ती आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के माध्यम से कलेक्टर को प्रतिवेदन भेजा गया, जिसके बाद उसके खिलाफ एनएसए (राष्ट्रीय सुरक्षा कानून) के तहत वारंट जारी किया गया।गुंडों की सूची तैयार, कार्रवाई जारीएएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि एसपी के निर्देशानुसार शहर में उन बदमाशों की सूची तैयार की जा रही है, जिनके खिलाफ 10 से अधिक अपराध दर्ज हैं। इसी कड़ी में रांझी पुलिस ने घेराबंदी कर बग्गा को पकड़ा। गिरफ्तारी के बाद थाना प्रभारी उमेश गोलहनी के नेतृत्व में पुलिस बल आरोपी को उन्हीं गलियों में लेकर गया, जहां वह अपना आतंक जमाता था। पुलिस ने साफ किया है कि क्षेत्र की शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ ऐसी ही सख्त और दंडात्मक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
