पावर ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि से उपभोक्ताओं को बेहतर एवं सुदृढ़ विद्युत आपूर्ति
Oplus_131072
मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के उमरिया वृत्त अंतर्गत मानपुर विधानसभा क्षेत्र में उपभोक्ताओं को बेहतर, स्थिर एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कार्य पूर्ण किया गया है। उपभोक्ता हितों को दृष्टिगत रखते हुए भरेवा वितरण केंद्र में स्थापित 33/11 के.व्ही. चिल्हारी विद्युत उपकेंद्र में पावर ट्रांसफार्मर की क्षमता 3.15 एम.व्ही.ए. से बढ़ाकर 5 एम.व्ही.ए. की गई है, जिसे सफलतापूर्वक चार्ज कर सेवा में ले लिया गया है।
उक्त क्षमता वृद्धि से उपकेंद्र से जुड़े 11 के.व्ही. बकेली फीडर के अंतर्गत आने वाले बड़ी बेल्दी, छोटी बेल्दी, पड़वार, रणविजयनगर, पिटौर, गजरहा, सुखदास, हरदुआ, करौंदिया, घोड़ाधार, बकेली एवं उमरिया सहित कुल 12 ग्रामों के उपभोक्ताओं को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा। इस कार्य से क्षेत्र के 3352 घरेलू उपभोक्ता तथा 1843 पंप (कृषि) कनेक्शन उपभोक्ता लाभान्वित होंगे।
पावर ट्रांसफार्मर क्षमता वृद्धि के उपरांत क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति प्रणाली और अधिक सुदृढ़ होगी, जिससे उपभोक्ताओं को स्थिर वोल्टेज, बेहतर लोड प्रबंधन एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी। इससे घरेलू एवं कृषि दोनों श्रेणियों के उपभोक्ताओं को सुचारू विद्युत सेवा प्राप्त होगी तथा क्षेत्र के समग्र विकास को भी गति मिलेगी।
कंपनी प्रबंधन द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विद्युत अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण एवं क्षमता संवर्धन के कार्य योजनाबद्ध रूप से निरंतर किए जाएं, जिससे उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण, विश्वसनीय एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
