कृषि विश्वविद्यालय में स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु काऊंसिलिंग प्रारंभ
कृषि शिक्षा को सुदृढ़ करने तथा युवा प्रतिभाओं को आधुनिक कृषि विज्ञान से जुड़ने की दिशा में जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय, जबलपुर एवं राजमाता विजयराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय, ग्वालियर निरंतर प्रयासरत है इसी श्रृंखला में दोनों कृषि विश्वविद्यालय स्नातक स्तर के कृषि पाठ्यक्रमों बी.एस सी. (कृषि), बी.एस सी. (उद्यानिकी), बी.एस सी. (वानिकी) तथा बी.टेक (कृषि अभियांत्रिकी) में प्रवेश हेतु काऊंसिलिंग प्रक्रिया आज से औपचारिक रूप से प्रारंभ हो गई है। गौरतलब है कि ज.ने. कृषि विश्वविद्यालय, जबलपुर के कुलपति डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा के नेतृत्व, अधिष्ठाता कृषि संकाय डॉ. धीरेन्द्र खारे के निर्देशन एवं कुलसचिव डॉ. ए.के. जैन के मार्गदर्शन में प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी, काऊंसिलिंग कार्यक्रम, आवश्यक दस्तावेजों की सूची एवं अन्य दिशानिर्देश संबंधी विश्वविद्यालयों तथा एम.पी. ऑनलाईन की अधिकारिक वेबसाईटों पर उपलब्ध है। प्रवेश हेतु काऊंसिलिंग प्रक्रिया में सम्मिलित होने हेतु विश्वविद्यालय प्रशासन अभ्यर्थियों से आग्रह करता है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएँ और अपने शैक्षणिक भविष्य की दिशा सुनिश्चित करें।
