जनेकृविवि में आयोजित 8 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का भव्य समापन
प्रतिभागी कृषि को टिकाऊ एवं उपजाऊ बनाने हेतु किसानों को करें जागरूक – डॉ. जी. के. कौतु
जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय, जबलपुर के कुलपति डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा की प्रेरणा से मृदा विज्ञान एवं कृषि रसायन शास्त्र विभाग और आसा, भोपाल के संयुक्त तत्वाधान में टिकाऊ खेती विषय पर 8 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का भव्य समापन हुआ।
संचालक अनुसंधान सेवायें डॉ. जी.के. कौतु के मुख्यआतिथ्य, विभागाध्यक्ष डॉ. ब्रजेश दीक्षित की अध्यक्षता एवं श्री लखन पाटीदार कार्यक्रम प्रबंधक, आसा, भोपाल के विशिष्ट आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर डॉ. जी.के. कौतु ने अपने उद्बोधन में कहा कि आप सभी प्रशिक्षाणार्थी यहां से जो कुछ भी प्रशिक्षण के माध्यम से सीखकर या ज्ञान अर्जित करके जाते हैं जो अपने-अपने क्षेत्रों के किसानों को भी जागरूक करें, और कृषि को टिकाऊ एवं उपजाऊ बनाने हेतु अपनी महती भूमिका निभाएं।कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. ब्रजेश दीक्षित ने कहा कि कृषि को टिकाऊ बनाने के लिये पौध पौषण के साथ-साथ उचित मृदा पोषण भी आवश्यक है। ताकि उत्पादन के साथ मृदा का स्वास्थ्य भी सतत् बरकरार रहे।प्रशिक्षण सह समन्वयक डॉ. बी.एस. द्विवेदी ने कार्यक्रम में स्वागत उद्बोधन दिया। प्रशिक्षण समन्वयक डॉ. ए.के. उपाध्याय ने 8 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का प्रतिवेदन एवं इसकी उपयोगिता के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।कार्यक्रम प्रबंधक, आसा, भोपाल श्री लखन पाटीदार ने 8 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की सराहना करते हुये कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यकम समय-समय पर आयोजित होते रहना चाहिये, जिससे कृषि संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां किसानों तक पहुंचाई जा सकें।आसा, भोपाल की डायरेक्टर श्रीमति जयंती गंगाना की मंशानुरूप अनुसंधान को खेत तक पहुंचाने की दिशा में ऐसे प्रशिक्षण कार्यकम बहुत ही कारगार सिद्ध होंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. के.के. त्रिवेदी, आसा, भोपाल का विशेष योगदान रहा है।प्रशिक्षण कार्यक्रम में उपस्थित विभिन्न राज्यों के प्रशिक्षाणार्थियों को उपस्थित मंचासीन अतिथियों द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किये गये, साथ ही कार्यक्रम को सफल बनाने में एवं अपनी महती भूमिका निभाने वाले विभाग के वैज्ञानिकों एवं कर्मचारियों को भी प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन शोध छात्रा गायत्री तुरकर एवं आभार प्रदर्शन डॉ. जी.एस. टैगोर, वैज्ञानिक द्वारा किया गया।प्रशिक्षण के समापन अवसर पर डॉ. एच. के. राय, डॉ. जी.एस. टैगोर, डॉ. राकेश साहू, डॉ. अभिषेक शर्मा, डॉ. फूलचंद अमूले, डॉ. किरण पटेल, डॉ. शैलू यादव, श्रीमति संगीता ठाकुर, श्रीमुधकर, श्री विजय कुमार, श्री रवीन्द्र कछावे, श्री विकास पटेल, श्रीमति सोनिका, श्री धर्मेन्द्र सहित विभाग के समस्त अधिकारी, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
