अब स्टेशन पर आगंतुकों का होगा वेलकम ड्रिंक से स्वागत, मुख्यमंत्री ने किया एक्सीक्यूटिव एवं वीआईपी लॉन्ज का लोकार्पण
एक्जीक्यूटिव लॉन्ज में 200 यात्रियों और वीआईपी लॉन्ज में 100 यात्रियों के लिए वातानुकूलित आरामदायक बैठक की व्यवस्था
आज भोपाल रेलवे स्टेशन पर एक्जीक्यूटिव एवं वीआईपी लॉन्ज का भव्य उद्घाटन मध्यप्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा उनके कर-कमलों से संपन्न हुआ। इस अवसर पर मध्यप्रदेश शासन के माननीय खेल एवं युवा कल्याण, सहकारिता मंत्री श्री विश्वास सारंग, माननीया महापौर भोपाल श्रीमती मालती राय, तथा माननीय विधायक-उत्तर श्री आतिफ आरिफ अकील, माननीय अध्यक्ष नगर निगम श्री किशन सूर्यवंशी मंच पर विशेष रूप से उपस्थित रहे।रेल प्रशासन की ओर से मंडल रेल प्रबंधक भोपाल श्री देवाशीष त्रिपाठी, अपर मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती रश्मि दिवाकर, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण मौजूद रहे एवं कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाई।साथ ही इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन की ओर से ग्रुप जनरल मैनेजर (मुंबई) भी उपस्थित रहे, जिन्होंने इस लॉन्ज के निर्माण एवं संचालन से संबंधित जानकारी साझा की।वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने बताया कि यह लॉन्ज इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन द्वारा विकसित किया गया है। लगभग 10,693 वर्गफुट में फैले इस आधुनिक लॉन्ज में प्रीमियम श्रेणी की सुविधाएं प्रदान की गई हैं, जो यात्रियों को रेल यात्रा से पहले और बाद में विश्राम, मनोरंजन और कार्य के लिए एक भव्य एवं अनूठा वातावरण उपलब्ध कराएंगी।
बैठक व्यवस्था एवं विश्राम क्षेत्र-
एक्जीक्यूटिव लॉन्ज में 200 यात्रियों और वीआईपी लॉन्ज में 100 यात्रियों के लिए वातानुकूलित आरामदायक बैठक की व्यवस्था की गई है। 48 लगेज रैक की सुविधा के साथ-साथ तीन ‘नैप ज़ोन’ भी बनाए गए हैं, जहां यात्रियों को विश्राम हेतु रीक्लाइनर व बेड यूनिट्स उपलब्ध हैं।
मुख्य सुविधाएं:-
पूरे लॉन्ज को पूर्णतः वातानुकूलित किया गया है। इसमें यात्रियों के लिए आरामदायक सोफा, समाचार पत्र, पत्रिकाएं, वाई-फाई कनेक्टिविटी, संगीत एवं टेलीविजन, शौचालय, स्नानगृह, मेकअप मिरर, हैंड ड्रायर, वॉश एंड चेंज जैसी अत्याधुनिक सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
प्रवेश शुल्क एवं रिफंडेबल डिपॉजिट:-
एक्जीक्यूटिव लॉन्ज: ₹50 प्रति व्यक्ति प्रति घंटा। आगंतुकों को एक वेलकम ड्रिंक (चाय/कॉफी) निःशुल्क दी जाएगी।वीआईपी लॉन्ज: ₹100 प्रति व्यक्ति प्रति घंटा , इसमें अपग्रेडेड सुविधाएं जैसे रीक्लाइनर, स्नैकिंग आइटम्स (समोसा/वड़ा) और गेम एक्टिविटी भी शामिल हैं।
वैकल्पिक प्रीमियम सेवाएं (सशुल्क):-
लगेज हैंडलिंग, प्रिंट/स्कैन सेवाएं, वॉश एंड चेंज सुविधा, कॉन्फ्रेंस एवं मीटिंग एरिया, यात्रा एक्सेसरीज़, नियमित व विशेष बुफे आदि यात्रियों की अतिरिक्त आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सुलभ कराई गई हैं।यह लॉन्ज न केवल भोपाल स्टेशन पर रेल यात्रियों के अनुभव को समृद्ध करेगा, बल्कि यह पूरे पश्चिम मध्य रेलवे के लिए गौरव का विषय है। ऐसे प्रयास यात्रियों को सुविधाजनक, सुरक्षित और सुखद यात्रा का अनुभव प्रदान करने में मील का पत्थर सिद्ध हो रहे हैं।
