कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के 17वें स्थापना दिवस पर जिले में सीएससी दिवस का भव्य आयोजन
Oplus_131072
कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के 17वें स्थापना दिवस के अवसर पर जिले में सीएससी दिवस का भव्य आयोजन एस्पिरेंट अकादमी सेंटर, उमरिया में किया गया। कार्यक्रम में जिले भर से बड़ी संख्या में सीएससी वीएलई, जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं आम नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को सीएससी के माध्यम से उपलब्ध डिजिटल एवं जनकल्याणकारी सेवाओं की जानकारी प्रदान करना तथा डिजिटल सशक्तिकरण को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम के दौरान सीएससी द्वारा संचालित प्रमुख सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इनमें आयुष्मान भारत कार्ड, पैन कार्ड, आधार सेवाएं, बैंकिंग एवं डिजीपे सेवाएं, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, ई-श्रम पंजीकरण, टेली-लॉ (निःशुल्क विधिक परामर्श), ई-कोर्ट सेवाएं, रेल टिकट आरक्षण, बिजली, पानी एवं अन्य उपयोगिता बिलों का भुगतान, बीमा एवं पेंशन सेवाएं, पासपोर्ट आवेदन, डिजिटल शिक्षा, कृषि सेवाएं, लोनबाज़ार, कौशल विकास तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न ऑनलाइन सेवाएं शामिल हैं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री मोहन डावर (न्यायिक अधिकारी) ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले 17 वर्षों में सीएससी ने ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक शासन की सेवाओं को सरल, पारदर्शी और सुलभ रूप में पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आज सीएससी डिजिटल इंडिया अभियान का एक मजबूत आधार बनकर नागरिकों को उनके गाँव के निकट ही विभिन्न सरकारी एवं निजी सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। इससे लोगों के समय और धन की बचत होने के साथ-साथ ग्रामीण युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित हुए हैं।
इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले वीएलई मनोज कुमार यादव, राजू सिंह, दीपक कोरी एवं दीपक यादव को प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में एस्पिरेंट अकादमी सेंटर,उमरिया के संचालक अंजू यादव ने बताया कि डिजिटल एजुकेशन एवं युवाओं के लिए उपलब्ध विभिन्न कौशल विकास एवं रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। वहीं एआईसी जिला समन्वयक अभिनाश नापित ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि किसानों के फसल बीमा पंजीयन 31 जुलाई तक किए जा रहे हैं। उन्होंने सभी पात्र किसानों से समय रहते सीएससी केंद्रों के माध्यम से अपना पंजीयन कराने की अपील की।
कार्यक्रम के समापन पर सीएससी जिला प्रबंधक राजकुमार कुशवाहा ने सभी अतिथियों, अधिकारियों एवं वीएलई साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिले भर से आए सीएससी वीएलई के साथ 17वां सीएससी दिवस उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। उन्होंने सभी वीएलई से नागरिकों तक गुणवत्तापूर्ण डिजिटल सेवाएं पहुँचाने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ आमजन तक पहुँचाने का आह्वान किया।
