1912 में बिजली शिकायतों का फर्जी समाधान, समाधान योजना के नाम पर बड़े -बड़े दावे फिसड्डी,बिना काम किए लूटी जा रही वाहवाही
नौरोजाबाद/देवरी(मजरा)
इन दिनों विद्युत विभाग जोर शोर से विद्युत व्यस्था को दुरुस्त करने में लगा हुआ है। विद्युत लाईन के आसपास पेड़ों की छटाई से लेकर नए पोल में सप्लाई , स्मार्ट मीटर लगाने में जोर के साथ निर्बाध विद्युत सप्लाई की व्यवस्था में पूरा फोकस जिले में देखने को मिल रहा है।
लेकिन इसी सब के बीच अब विद्युत विभाग की छवि खराब करने वाली खबर भी देखने को मिल रही है। जहां उपभोक्ता की दो बार की गई शिकायत का निराकरण किए बिना लाइन मैन के द्वारा शिकायत कटवाने का मामला तूल पकड़ रहा है।
मामला करकेली सबस्टेशन अंतर्गत आने वाले गांव देवरी मजरा का है दरअसल उपभोक्ता के घर में रविवार से बिजली नहीं आ रही थी जिसकी शिकायत उपभोक्ता नारेंद्र कुशवाहा ने सोमवार 04/05/2026 की सुबह 9.32 बजे विद्युत विभाग के हेल्पलाइन नंबर 1912 में की गई जिसका शिकायत क्रमांक C-14372721 है जिसमें घर की बिजली सप्लाई बंद की सूचना दी गई जिसे जल्द ही ठीक करने का आश्वासन कॉल सेंटर अधिकारी से मिला। पर सबसे मज़ेदार बात यह रही कि लाईन मैन ने कॉल करके भी समस्या की जानकारी नहीं ली और कुछ घंटों में ही बिना बिजली कनेक्शन को दुरुस्त किए समाधान कर दिया। जिसका ओटीपी जब उपभोक्ता को प्राप्त हुआ तो वह निराश हो गया और दोबारा इस मामले की शिकायत 1912 में कर दी जिसका शिकायत क्रमांक 14377904 है पर लाईन मैन माहिर खिलाड़ी निकला और दूसरी बार भी बिना काम किए शिकायत कटवा दी गई। जबकि अभी तक उपभोक्ता के घर में बिजली बाधित है कोई समाधान नहीं मिल सका है।
तो क्या विद्युत समाधान का झूठा प्रचार कर रहा जिले का विद्युत महकमा?
इस तरह की घटनाओं के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा होता है कि क्या विद्युत विभाग का अपनी व्यवस्थाओं को दुरुस्त दिखाना बस एक छलावा है इसका उपभोक्ता के निजी लाभों से कोई लेना देना नहीं। या उपभोक्ता सिर्फ और सिर्फ बिजली बिल वसूलने का एक मोहरा बनकर रह गया है।
विद्युत विभाग को एक स्लोगन सार्वजनिक कर देना चाहिए – बिल भरो लाईट की चिंता मत करो। हमने बिल वसूलने का ठेका लिया है फॉल्ट बनाने का नहीं।
