कृषि विज्ञान केंद्र, जबलपुर का जागरूकता कार्यक्रम
गाजरघास का वैज्ञानिक प्रबंधन जरूरी- डॉ.टी.आर.शर्मा
21वें गाजरघास जागरूकता सप्ताह 2026 के अंतर्गत खरपतवार अनुसंधान निदेशालय, जबलपुर एवं कृषि विज्ञान केंद्र, जबलपुर के संयुक्त तत्वावधान में कृषि विज्ञान केंद्र, जबलपुर में गाजरघास प्रबंधन हेतु जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। मुख्यअतिथि संचालक विस्तार सेवाएं, डॉ. टी. आर. शर्मा ने अपने उद्बोधन में गाजरघास के प्रभावी प्रबंधन के लिए वैज्ञानिक तकनीकों को किसानों एवं ग्रामीण समुदाय तक पहुंचाने तथा जनभागीदारी को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया। आपने कहा कि गाजरघास के नियंत्रण के लिए समय पर किए गए सामूहिक प्रयास इसके प्रसार को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों, छात्रों, इनपुट डीलरों एवं आमजन को गाजरघास के हानिकारक प्रभावों तथा इसके प्रभावी एवं वैज्ञानिक प्रबंधन उपायों के प्रति जागरूक करना और इसके नियंत्रण में सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम में लगभग 100 प्रतिभागियोंने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में विशिष्ठ अतिथि के रूप में डॉ. रश्मि शुक्ला, कार्यक्रम समन्वयक एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक, कृषि विज्ञान केंद्र, जबलपुर की गरिमामयी उपस्थिति रही।कार्यक्रम में गाजरघास जागरूकता सप्ताह 2026 की अध्यक्षता डॉ. पी. के. सिंह ने की। आपने गाजरघास के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत जानकारी प्रदान की तथा गाजरघास के कृषि उत्पादन, मानव स्वास्थ्य, पशुधन एवं पर्यावरण पर पड़ने वाले हानिकारक प्रभावों के साथ-साथ इसके प्रभावी प्रबंधन के लिए यांत्रिक, सस्य, रासायनिक एवं जैविक उपायों के समन्वित उपयोगकी आवश्यकता पर प्रकाश डाला। आपने गाजरघास के प्रभावी नियंत्रण के लिए वैज्ञानिक प्रबंधन के साथ जन-जागरूकता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सामुदायिक सहभागिता पर जोर देते हुए प्रतिभागियों से अपने क्षेत्रों में इसके प्रति व्यापक जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को मैक्सिकन बीटल के जीवंत नमूनों का प्रदर्शन एवं जैविक नियंत्रण में उपयोग की जानकारी दी गई तथा अभ्यर्थियों एवं केवीके स्टाफ को प्रभावित क्षेत्रों में इसके उपयोग हेतु बीटल उपलब्ध कराए गए। इस दौरान प्रतिभागियों ने गाजरघास के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने तथा इसके प्रबंधन में व्यक्तिगत एवं सामुदायिक स्तर पर सक्रिय सहभागिताका संकल्प लिया।कार्यक्रम का संचालन डॉ. डी. के. सिंह तथा आभार प्रदर्शन डॉ. अर्चना अनोखे द्वारा किया गया।इस अवसर पर डॉ. अर्चना अनोखे, डॉ. जे. के. सोनी, डॉ. दीक्षा एम. जी., डॉ. सहदेव आई. के., श्री एम. के. मीणा सहित कृषि विज्ञान केंद्र, जबलपुर के वैज्ञानिक डॉ. डी.के. सिंह डॉ. ए.के. सिंह, डॉ. शशी गौर, डा. प्रमोद गुप्ता, डॉ. अक्षता तोमर, डा. रिचा सिंह, डा. निहारिका शुक्ला, डा. नेहा शर्मा एवं कु.अंजना गुप्ता सहित कर्मचारियों की उपस्थिति रही साथ ही राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई कृषि महाविद्यालय जबलपुर के स्वयं सेवक विद्याथी भी उपस्थित रहे।
