जनेकृविवि के उद्यानिकी विभाग द्वारा किसानों को मसाला फसलों का दिया प्रशिक्षण
जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय, जबलपुर के कुलपति डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा की प्रेरणा से कृषि महाविद्यालय, जबलपुर के उद्यान शास्त्र विभाग में चल रही एकीकृत बागवानी विकास परियोजना के तहत पनागर ब्लॉक के तिलगवा गांव में कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन अधिष्ठाता उद्यानिकी संकाय डॉ. स्वाती बार्च के मुख्यआतिथ्य में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में धनिया, मेथी, लहसुन, अदरक, सौंफ, कलौंजी, हल्दी जैसी मसाला फसलों और गुलाब, लेमन ग्रास जैसी सगंधीय फसलों की उन्नत उत्पादन तकनीकों के बारे में बताया गया। साथ ही जैविक खेती अपनाने के लिए किसानों को प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर एमआईडीएच परियोजना अधिकारी डॉ. रजनी शर्मा, रिटायर्ड विभागाध्यक्ष वानिकी विभाग डॉ. एस. बी अग्रवाल, विषय विशेषज्ञ, केवीके जबलपुर, डॉ. अक्षता तोमर एवं कृषि विस्तार अधिकारी पनागर श्री मनोज चक्रवेश उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में पौध सामग्री और जैव उर्वरक का वितरण किया गया। इस कार्यक्रम में 50 से अधिक महिलाओं ने विशेष रूचि लेकर सक्रिय भागेदारी निभाई। लगभग 100 से अधिक किसानों को प्रशिक्षण दिया गया।
