लाइनमैन दिवस पर समर्पित विद्युत कर्मियों का हुआ सम्मान, सुरक्षा व समर्पण पर दिया गया जोर
Oplus_131072
उमरिया। मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, उमरिया वृत्त में लाइनमैन दिवस के अवसर पर एक गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्युत व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले लाइनमैनों के समर्पण, साहस एवं कर्तव्यनिष्ठा को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट सेवा देने वाले लाइनमैन सत्यदेव रजक, बिहारी लाल राजन, शोभनाथ तिवारी, गुलशनराज मिश्रा, रवि नारायण द्विवेदी एवं राजकुमार दाहिया को सम्मानित किया गया। उपस्थित अधिकारियों ने सभी लाइनमैनों के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी विद्युत आपूर्ति को बनाए रखना लाइनमैनों की मेहनत, साहस और समर्पण का परिणाम है।

इस अवसर पर कंपनी के प्रबंध संचालक का संदेश भी पढ़कर सुनाया गया, जिसमें लाइनमैनों की महत्वपूर्ण भूमिका और उनकी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अभियंता, शहडोल की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही अधीक्षण अभियंता एवं कार्यपालन अभियंता द्वारा उपस्थित लाइनमैनों एवं लाइन स्टाफ को संबोधित करते हुए उनके कार्यों की सराहना की गई तथा उन्हें अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और सुरक्षा के साथ करने के लिए प्रेरित किया गया।
अधीक्षण अभियंता उमरिया ने अपने संबोधन में सभी लाइनमैनों से अपील करते हुए कहा कि “विद्युत कार्य अत्यंत जोखिमपूर्ण होता है, इसलिए सभी कर्मचारी कार्य के दौरान सुरक्षा नियमों का पूर्ण पालन करें तथा निर्धारित सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।“ कार्यक्रम में लाइनमैन दिवस के अवसर पर विद्युत विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं लाइन स्टाफ उपस्थित रहे। सभी ने लाइनमैनों के समर्पण और परिश्रम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
