पश्चिम मध्य रेलवे को पहली बार रेल मंत्री राजभाषा शील्ड

0
Spread the love

हिंदी के उत्कृष्ट कार्यान्वयन के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि

भारत सरकार, रेल मंत्रालय (रेलवे बोर्ड) द्वारा राजभाषा हिंदी के प्रयोग-प्रसार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से देश के “क”, ”ख” एवं “ग” क्षेत्रों में स्थित रेल मुख्यालयों, मंडलों, उत्पादन इकाइयों, कारखानों, उपक्रमों एवं केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थानों को उत्कृष्ट कार्यान्वयन हेतु प्रतिवर्ष रेल मंत्री राजभाषा शील्ड/ट्रॉफी एवं चल वैजयंती पुरस्कार से सम्मानित किया जाता है। इसी क्रम में वर्ष 2024 के दौरान राजभाषा हिंदी में उत्कृष्ट कार्य के लिए *पश्चिम मध्य रेलवे, मुख्यालय, जबलपुर* को *रेल मंत्री राजभाषा शील्ड (प्रथम पुरस्कार)* से सम्मानित किया गया है। इसके अतिरिक्त *माल डिब्बा मरम्मत कारखाना, कोटा* को भी *रेल मंत्री राजभाषा शील्ड के साथ ₹14,000* का पुरस्कार प्राप्त हुआ है।यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष महत्व रखती है क्योंकि *वर्ष 2003 में पश्चिम मध्य रेलवे के गठन के बाद यह पहली बार है जब पमरे को यह प्रतिष्ठित राजभाषा शील्ड* प्राप्त हुई है। यह सम्मान पमरे में राजभाषा हिंदी के प्रभावी कार्यान्वयन एवं सतत प्रयासों का सशक्त प्रमाण है। इस अवसर पर दिनांक 26.12.2025 को रेल भवन, नई दिल्ली के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित रेलवे बोर्ड राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक में यह पुरस्कार श्री सतीश कुमार, अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी, रेलवे बोर्ड के कर-कमलों से श्री एम. एस. हाशमी, मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं मुख्य प्रशासनिक अधिकारी तथा श्री सुधीर सरवरिया, मुख्य कारखाना प्रबंधक, माल डिब्बा मरम्मत कारखाना, कोटा ने ग्रहण किया। इस अवसर पर श्री संतलाल मर्सकोले, वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी भी उपस्थित रहे। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर *श्रीमती शोभना बंदोपाध्याय, महाप्रबंधक, पश्चिम मध्य रेलवे* ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि *यह पुरस्कार पमरे के लिए अत्यंत गौरव का क्षण है*। उन्होंने मुख्य राजभाषा अधिकारी श्री एम. एस. हाशमी, राजभाषा विभाग तथा पश्चिम मध्य रेलवे के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों की निष्ठा, समर्पण एवं सतत प्रयासों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। साथ ही उन्होंने भारत सरकार की राजभाषा नीतियों के प्रभावी कार्यान्वयन एवं हिंदी के प्रयोग-प्रसार में भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट योगदान देते रहने का आह्वान किया। इस अवसर पर पश्चिम मध्य रेलवे के प्रमुख मुख्य विभागाध्यक्षों सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए टीम को बधाई दी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *