अयोध्या को बदनाम करना बंद करें
विपक्ष की सहानुभूति आज भी माफिया के साथ-मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग सुप्रीम कोर्ट में शपथ पत्र दाखिल कर राम मंदिर निर्माण का विरोध कर रहे थे. उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर का निर्माण न हो, इसके लिए हर स्तर पर बाधाएं खड़ी करने की कोशिश की गई और विरोध में अधिवक्ताओं को भी खड़ा किया गया. योगी ने कहा कि जो लोग राम और कृष्ण के नहीं हुए, वे आज आस्था की बात कर रहे हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों ने देश का खजाना लूटा और देश की पहचान को नुकसान पहुंचाया, वे आज अयोध्या मंदिर में हुई चोरी को बड़ा मुद्दा बना रहे हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे लोग अपने समय के घोटालों की चर्चा नहीं करते. योगी ने आरोप लगाया कि केंद्र में कांग्रेस और उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकारों के दौरान कई घोटाले हुए. उन्होंने कहा कि विपक्ष को पहले अपने बारे में सोचना चाहिए और अयोध्या को बदनाम करने और आस्था पर प्रहार करने की राजनीति बंद करनी चाहिए.
जो टीम मिली, उसी की सोच बदलकर यूपी बदला
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नौ वर्ष के अंदर प्रदेश में शासन-सत्ता का संचालन करने का अवसर हमारी पार्टी ने दिया, इसके परिणाम को देखता हूं. उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं है कि मेरे साथ दिल्ली से या गोरखपुर से कोई टीम अलग से आई हो. दिल्ली में सांसद था, जब मुझे यहां भेजा गया. मेरे साथ एक भी व्यक्ति दिल्ली से नहीं आया. गोरखपुर से लगातार पांच बार से सांसद था, वहां से भी एक भी व्यक्ति मेरे साथ नहीं आया. उन्होंने कहा कि जो लोग लखनऊ में मौजूद थे और जो टीम मुझे मिली, मैंने उसी को लेकर के उनकी मानसिकता को बदलने का प्रयास करने का काम किया. सीएम योगी ने कहा कि जो परिणाम सामने आए हैं, वे सब आपके सामने हैं. उन्होंने कहा कि जो घोषणा आपके सामने अभी करने जा रहा हूं, अगर यह बात आज से नौ वर्ष पहले बोलता या सवा नौ वर्ष पहले जो यूपी के सीएम थे, यूपी के लिए ऐसी घोषणा करते तो उस समय लोग हंस देते. सीएम योगी ने कहा कि नौ वर्ष में हम लोगों ने यूपी को पहचान के संकट से उबारा है. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को तीन गुना करने में सफलता प्राप्त की है.
विपक्ष की सहानुभूति आज भी माफिया के साथ
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने उत्तर प्रदेश में माफिया पर सख्त कार्रवाई कर कानून का राज स्थापित किया है. विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोग आज भी कहते हैं कि सत्ता में आने पर वे जांच कराएंगे कि माफिया पर इतनी सख्ती क्यों हुई और वे क्यों मारे गए. योगी ने आरोप लगाया कि विपक्ष की सहानुभूति आज भी प्रदेश के नागरिकों, व्यापारियों और बेटियों के बजाय माफिया और उनके गुर्गों के साथ है, जो या तो जेल में हैं या जहन्नुम की यात्रा पर जा चुके हैं. मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अगर 2003 से 2026 तक के 23 वर्षों का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखा जाए, जिसमें मुलायम सिंह यादव, मायावती और उनकी सरकार के कार्यकाल की तुलना हो, तो जनता खुद तय कर लेगी कि किस सरकार के काम से वह सबसे अधिक संतुष्ट है.
