भीषण गर्मी में बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने उमरिया वृत्त के कर्मचारी सक्रिय, ट्रांसफार्मरों का रखरखाव जारी

0

Oplus_131072

Spread the love

उमरिया, दिनांक 02 मई 2026
गर्मी के लगातार बढ़ते प्रभाव एवं विद्युत भार में वृद्धि को दृष्टिगत रखते हुए मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (एमपीपीकेवीवीसीएल) उमरिया वृत्त अंतर्गत उपभोक्ताओं को बेहतर एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु विशेष मेंटेनेंस कार्य संचालित किए जा रहे हैं।
उमरिया वृत्त के विभिन्न वितरण केंद्रों में विभागीय कर्मचारियों द्वारा ट्रांसफार्मरों का नियमित निरीक्षण, तकनीकी रखरखाव एवं आवश्यक मेंटेनेंस कार्य किए जाने के उपरांत ट्रांसफार्मर की अर्थिंग प्रणाली को प्रभावी बनाए रखने हेतु अर्थिंग पॉइंट्स में पानी डाला जा रहा है, जिससे वोल्टेज संबंधी समस्याओं में कमी आए तथा उपभोक्ताओं को सुचारु विद्युत आपूर्ति मिल सके।
गर्मी के मौसम में विद्युत उपकरणों एवं ट्रांसफार्मरों पर अतिरिक्त लोड बढ़ने से वोल्टेज उतार-चढ़ाव एवं तकनीकी समस्याएं उत्पन्न होने की संभावना रहती है। इसे ध्यान में रखते हुए विभाग के मैदानी कर्मचारी तेज धूप एवं उच्च तापमान में भी लगातार फील्ड में कार्य कर विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में जुटे हुए हैं।
विभाग द्वारा ट्रांसफार्मरों की सतत मॉनिटरिंग, लूज कनेक्शन सुधार, जंपर चेकिंग, अर्थिंग निरीक्षण एवं अन्य निवारक कार्य भी किए जा रहे हैं, जिससे संभावित विद्युत व्यवधानों को न्यूनतम किया जा सके।
कार्यपालन अभियंता, उमरिया श्री दिनेश कुमार तिवारी ने उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि उपभोक्ताओं को बेहतर एवं निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि ट्रांसफार्मरों के नीचे अथवा आसपास कचरा, घास-फूस या ज्वलनशील सामग्री न फेंकें तथा अनावश्यक विद्युत उपयोग से बचते हुए बिजली का विवेकपूर्ण उपयोग करें।
उन्होंने कहा कि विभाग एवं उपभोक्ताओं के पारस्परिक सहयोग से ही गर्मी के मौसम में बेहतर एवं सुरक्षित विद्युत व्यवस्था बनाए रखी जा सकती है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed