ग्वालियर को मिलेगी नई रफ्तार: 6500 करोड़ रुपए की परियोजनाओं से बदलेगी शहर की तस्वीर
सिंधिया ने किया वेस्टर्न बायपास का स्थलीय निरीक्षण, अधिकारियों को दिए समयबद्ध निर्माण के निर्देश
ग्वालियर से वरिष्ठ पत्रकार मनोज वर्मा के जादुगरिय कलम से।
केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंगलवार को ग्वालियर के प्रस्तावित वेस्टर्न बायपास का जमीनी निरीक्षण किया और दिल्ली, भोपाल व ग्वालियर के एनएचएआई अधिकारियों के साथ निर्माण की प्रगति, गुणवत्ता और समय-सीमा पर विस्तृत समीक्षा बैठक की। 29 किलोमीटर लंबी और लगभग 1347 करोड़ रुपए की लागत वाली यह परियोजना 88 किमी लंबे ग्वालियर-आगरा एक्सप्रेसवे को जोड़ेगी और आगे शिवपुरी एक्सप्रेसवे से भी संबद्ध होगी। चार लेन के इस हाईवे पर तीन एंट्री-एग्जिट पॉइंट बनाए जाएंगे, जिससे 88 किमी की दूरी महज 35 मिनट में तय हो सकेगी। वन्यजीव संवेदनशील क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए 13 अंडरपास का निर्माण भी प्रस्तावित है। इस परियोजना को अप्रैल 2025 में स्वीकृति मिली थी।
पश्चिमी ग्वालियर को मिलेगा विकास का हिस्सा
सिंधिया ने कहा कि अब तक शहर का विकास पूर्वी क्षेत्र तक सीमित रहा है। वेस्टर्न बायपास इस असंतुलन को दूर करेगा और SADA — यानी विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण — के तहत ग्वालियर को दिल्ली के काउंटर मैग्नेट शहर के रूप में विकसित करने के सपने को साकार करने की दिशा में यह निर्णायक कदम होगा।
6500 करोड़ रुपए की परियोजनाओं की फेहरिस्त
शहर में जारी विकास कार्यों का ब्योरा देते हुए सिंधिया ने बताया कि इस समय ग्वालियर में कुल 6500 करोड़ रुपए की परियोजनाएं प्रगति पर हैं, जिनमें प्रमुख हैं — 23 किमी लंबी 1400 करोड़ रुपए की एलिवेटेड रोड और 5000 करोड़ रुपए की आगरा-ग्वालियर छह लेन एक्सप्रेसवे। इसके अलावा एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन के विस्तार तथा लगभग 300 करोड़ रुपए की लागत से एक आधुनिक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम निर्माण की भी योजना है।
रोजगार और ग्रामीण विकास पर भी जोर
मंत्री ने कहा कि आईटीबीपी सहित अन्य केंद्रीय संस्थानों की स्थापना से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर खुलेंगे और ग्वालियर का ग्रामीण अंचल भी विकास की मुख्यधारा में शामिल होगा।
निरीक्षण के दौरान ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, विधायक मोहन सिंह राठौर, SADA अध्यक्ष अशोक शर्मा और पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल सहित अनेक जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
