जेएनकेव्हीव्ही में सहनशील एवं जैव-संवर्धित उच्च उपजशील धान किस्मों के विकास परियोजना की समीक्षा बैठक संपन्न
जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय, जबलपुर के कुलपति डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में कृषि महाविद्यालय में “मध्यप्रदेश के लिए जलवायु सहनशील एवं जैव-संवर्धित उच्च उपजशील धान किस्मों के विकास परियोजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।बैठक में अंतरराष्ट्रीय धान अनुसंधान संस्थान (IRRI), फिलीपींस से आए प्रधान वैज्ञानिक एवं नोडल अधिकारी डॉ. जौहर अली ने परियोजना की प्रगति, उपलब्धियों तथा आगामी शोध योजनाओं की समीक्षा की। इस अवसर पर डॉ. जी. के. कौतू, संचालक अनुसंधान सेवाऐं सहित विश्वविद्यालय के वरिष्ठ वैज्ञानिक और परियोजना में कार्यरत सभी कर्मचारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंतर्गत प्रातः क्षेत्र भ्रमण किया गया, जिसमें आईआरआरआई की पेरेंटल लाइनों का मूल्यांकन, डीएसआर प्रणाली के लिए उपयुक्त धान लाइनों का परीक्षण, डीएसआर एग्रोनॉमी तथा दो-लाइन हाइब्रिड धान बीज उत्पादकता परीक्षण का अवलोकन किया गया।तकनीकी सत्रों में डीएसआर ब्रीडिंग, दो लाइन हाइब्रिड धान प्रणाली, अनाज गुणवत्ता विश्लेषण, स्पीड ब्रीडिंग, एसएनपी जीनोटाइपिंग, आरएस एवं जीआईएस घटक तथा सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण पर प्रस्तुतियाँ दी गई। परियोजना के उद्देश्य “मध्यप्रदेश में जलवायु अनुकूल एवं टिकाऊ धान उत्पादन को बढ़ावा देना’ की पूर्ती हेतु सफलतापूर्वक बैठक सम्पन्न हुई।
