70वीं राज्य स्तरीय शालेय खेलकूद प्रतियोगिता का हुआ रंगारंग समापन

0
Spread the love

इंदौर संभाग बना ओवरऑल चैंपियन

70वीं राज्य स्तरीय शालेय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन दिनांक 21 सितंबर 2026 से 25 सितंबर 2026 तक किया गया। इन प्रतियोगिताओं में कुश्ती ग्रीकोरोमन 17 वर्ष बालक वर्ग, कुश्ती फ्री स्टाइल 17 वर्ष बालक बालिका वर्ग, तथा वुशू 17 एवं 19 वर्ष बालक-बालिका वर्ग आयोजित की गई.जिसका समापन कार्यक्रम आज दिनांक 25 सितंबर 2026 को माननीय विधायक अशोक रोहाणी के मुख्य आतिथ्य एवं मध्य प्रदेश ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष, आर्चरी संघ मध्य प्रदेश के अध्यक्ष अखिलेश जैन , मध्य प्रदेश ओलंपिक संघ के सचिव दिग्विजय सिंह, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, संयुक्त संचालक लोक शिक्षण जबलपुर संभाग घनश्याम सोनी के विशिष्ट आतिथ्य में शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जबलपुर में आयोजित किया गया . कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती पूजन, दीप प्रज्वलन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ. साथ ही छात्र-छात्राओं द्वारा बैंड दल की मधुर ध्वनि के साथ प्रस्तुति प्रमुख रूप से आकर्षक रही.कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिथि माननीय विधायक अशोक रोहाणी ने कहा कि सभी सहभागिता करने वाले छात्र- छात्राओं को बधाई जो छात्र-छात्राएं विजयी नहीं हुये वे निराश न हो, आगे निरंतर प्रयास करते रहें. आप स्वस्थ रहें, जीवन में आगे बढ़े, राष्ट्र का नाम रोशन करें. आज खेलों के क्षेत्र में क्रांति आई है शहरी क्षेत्र के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्र से भी खेल प्रतिभाएं निकल रही हैं. उन्होंने संस्कारधानी में आयोजित खेल आयोजनों की सराहना करते हुए कहा ऐसे सफल आयोजनों से हमारी संस्कारधानी जबलपुर का नाम पूरे प्रदेश में रोशन होता है. मध्य प्रदेश ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष एवं आर्चरी संघ मध्य प्रदेश के अध्यक्ष अखिलेश जैन ने कहा ने कहा कि हमारे देश में प्राचीन काल से खेलों का विशेष महत्व है आज हमारे देश की बेटियां भी खेल के क्षेत्र में किसी से कम नहीं है.वर्तमान में देश में खेल सुविधाओं के साथ-साथ परंपरागत खेलों को भी अच्छे अवसर प्राप्त हो रहे हैं. खेलो इंडिया के माध्यम से खिलाड़ियों को और अधिक सुविधायें दी जा रही. मध्य प्रदेश ओलंपिक संघ के सचिव दिग्विजय सिंह ने कहा कि मध्य प्रदेश के सभी संभागों के बच्चे यहाँ एक साथ एकत्रित है यह आपस में मिलजुल कर एक दूसरे से सीखते हैं इससे आपसी भाईचारा बढता है.खेलकूद से शरीर के साथ-साथ व्यक्तित्व का भी विकास होता है. सफल आयोजन की आयोजकों को बहुत-बहुत बधाई. है.नगर निगम अध्यक्ष माननीय रिकुंज विज ने सभी को शुभकामनाओं देते हुए आप निरंतर प्रयास करते रहें और अच्छा प्रदर्शन करते हुए अपने लक्ष्य को प्राप्त करते हुए अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच कर अपने देश का नाम का रोशन करें. संयुक्त संचालक लोक शिक्षण जबलपुर संभाग घनश्याम सोनी ने कहा कि खेलों का उद्देश्य केवल मेडल या प्रमाण पत्र प्राप्त करना नहीं है अपितु खेल भावना का परिचय देते हुए पूर्ण मनोयोग एवं इच्छाशक्ति के साथ सहभागिता कर अपने जीवन के लक्ष्य को प्राप्त करें और लक्ष्य प्राप्ति तक निरंतर प्रयास करते रहें. जिला शिक्षा अधिकारी गौतम बर्वे ने प्रतियोगिता का प्रतिवेदन वाचन करते हुए बताया कि इस राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में 09 संभागों से 790 बालक -बालिका एवं ऑफिशियल सहभागिता की .कुश्ती की प्रतियोगिताएं खेल एवं युवा कल्याण विभाग रानीताल का बैडमिंटन हॉल एवं वुशू की प्रतियोगिताएं महारानी लक्ष्मीबाई एमएलबी विघालय में आयोजित की गई. उपरोक्त प्रतियोगिता के आयोजन हेतु कंट्रोल रूम की व्यवस्था, प्रतियोगिता स्थल व्यवस्था,बच्चों को लाने ले जाने हेतु परिवहन व्यवस्था, आवास व्यवस्था, भोजन व्यवस्था की गई हैं इस हेतु अधिकारी कर्मचारियों के दायित्व निर्धारण कर समितियाँ,दल गठित किये गए थे . आवास व्यवस्था शहर के 15 शासकीय अशासकीय विद्यालय में बालक बालिकाओं के लिये पृथक- पृथक की गई थी. कार्यक्रम में सहायक संचालक सोनम कटारे,जिला क्रीड़ा अधिकारी मधुमिता हाजरा, जिला शिक्षा केंद्र नियुक्ति समिति सदस्य अभय नायक,संचालक खेल आशा सिसोदिया,कोच मनोज गुप्ता भोपाल से ऑब्जर्वर मनोज दुबे,अनिल गुप्ता,रुक्मणी कनौजिया, अजय रजक, कृष्णकांत शर्मा,केके चौबे, प्रियंका सोनी सहित समस्त जनरल मैनेजर, अधिकारी- कर्मचारी उपस्थित रहे. *प्रतियोगिताओं के परिणाम निम्न अनुसार रहे*- कुश्ती ग्रीकोरोमन 17वर्ष बालक वर्ग में प्रथम स्थान पर उज्जैन संभाग द्वितीय स्थान पर जबलपुर संभाग रहा. कुश्ती फ्रीस्टाइल 17 वर्ष बालक वर्ग में प्रथम स्थान पर उज्जैन संभाग द्वितीय स्थान पर इंदौर संभाग रहा. कुश्ती फ्री स्टाइल 17 वर्ष बालिका वर्ग में प्रथम स्थान पर इंदौर संभाग एवं द्वितीय स्थान पर भोपाल संभाग रहा. वुशू 17 वर्ष बालक वर्ग में प्रथम स्थान पर जबलपुर संभाग,द्वितीय स्थान पर ग्वालियर संभाग रहा.वुशू 19 वर्ष बालक वर्ग में रीवा संभाग प्रथम स्थान पर, द्वितीय स्थान पर उज्जैन संभाग रहा. वुशू 17 वर्ष बालिका वर्ग में प्रथम स्थान पर रीवा संभाग द्वितीय स्थान पर उज्जैन संभाग रहा. वुशू 19 वर्ष बालिका वर्ग में प्रथम स्थान पर इंदौर संभाग एवं द्वितीय स्थान पर उज्जैन संभाग रहा. पूरी प्रतियोगिता में ओवरऑल चैंपियन इंदौर संभाग रहा.

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *