नगर निगम ने गढ़ा शाही नाका रोड पर हटाया जर्जर भवन
नागरिकों की सुरक्षा और सुगम यातायात को ध्यान में रखते हुए नगर निगम लगातार सक्रिय कार्यवाही कर रहा है। इसी कड़ी में, निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर जोन क्रमांक 1 के अंतर्गत गढ़ा शाही नाका रोड पर सराहनीय कार्रवाई की गयी। गढ़ा शाही नाका रोड स्थित श्रीमती मंजू कोष्टा के अत्यधिक जर्जर हो चुके भवन को जनसुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए सुरक्षित रूप से ढहा दिया गया है। संभागीय अधिकारी शैलेन्द्र कौरव ने जानकारी देते हुए बताया कि यह जर्जर मकान मुख्य मार्ग शाही नाका रोड पर स्थित होने के कारण राहगीरों और स्थानीय निवासियों के लिए एक बड़ा खतरा बना हुआ था। मानसून के सीजन में ऐसे जर्जर भवनों के गिरने की आशंका और अधिक बढ़ जाती है। जनहित को ध्यान में रखते हुए और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए नगर निगम ने त्वरित कार्यवाही की। कार्रवाई के समय अतिक्रमण दल के दिग्दर्श सिंह, मिथलेश चैबे, ब्रज किशोर तिवारी, सुंदरलाल माड़वी, विकास कुशवाहा आदि उपस्थित रहे। निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आस-पास कोई ऐसा जर्जर निर्माण है जिससे जनहानि का खतरा हो, तो उसकी सूचना तत्काल नगर निगम को दें, ताकि समय कार्यवाही की जा सकें।
