एक रिपोर्ट आपकी हेल्थ से जुडी…

0
Spread the love

गर्मी में कोल्ड ड्रिंक बढ़ाता है डिहाइड्रेशन का खतरा: एम्स

भीषण गर्मी में प्यास बुझाने के लिए कोल्ड ड्रिंक का सेवन शरीर को राहत देने के बजाय नुकसान पहुंचा सकता है। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के विशेषज्ञों के अनुसार कोल्ड ड्रिंक बार-बार लेना डिहाइड्रेशन, ब्लड शुगर में उतार-चढ़ाव और दिल पर अतिरिक्त दबाव जैसी समस्याएं बढ़ा सकता है। एम्स दिल्ली में बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में चिकित्सक डॉ. शैफाली गुलाटी, डॉ. नवल विक्रम, डॉ. निधि सोनी और आहार विशेषज्ञ परमीत कौर ने चेतावनी दी कि गर्मी में कोल्ड ड्रिंक के साथ चिप्स, कुरकुरे जैसे हल्के-फुल्के स्नैक जोखिम भरा मिश्रण बन सकता है। उन्होंने कहा कि कोल्ड ड्रिंक्स में मौजूद अधिक शुगर और कैफीन शरीर में पानी की कमी बढ़ाते हैं, जबकि चिप्स में उच्च सोडियम शरीर से पानी खींचता है। दोनों मिलकर गर्मी में शरीर को तेजी से डिहाइड्रेट कर सकते हैं।

ब्लड शुगर में तेज उतार-चढ़ाव

कोल्ड ड्रिंक तुरंत शुगर बढ़ाती है, जिससे थोड़ी देर ऊर्जा मिलती है, लेकिन बाद में अचानक गिरावट से कमजोरी, चक्कर और थकान हो सकती है। यह स्थिति लू के मौसम में ज्यादा खतरनाक होती है।

दिल और बीपी पर असर

चिप्स में ट्रांस फैट और ज्यादा नमक ब्लड प्रेशर बढ़ा सकते हैं। एम्स के मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर डॉ. नवल विक्रम ने बताया कि गर्मी में पहले से गर्मी झेल रहे शरीर पर कोल्ड ड्रिंक और चिप्स का मिश्रण दिल पर अतिरिक्त दबाव डालता है।

पाचन संबंधी समस्याएं

तला-भुना स्नैक और मीठा पेय गैस, एसिडिटी और पेट दर्द को बढ़ा सकते हैं, खासकर जब गर्मी में पाचन कमजोर होता है। उन्होंने कहा कि गर्मी में कोल्ड ड्रिंक की जगह ओआरएस का घोल लिया जा सकता है। चिप्स की जगह फल, खीरा, सलाद या भुने चने बेहतर विकल्प हैं। उन्होंने गर्मी के मौसम में सिर को ढंककर, सूती कपड़े पहन कर और बाहर निकलते समय छाते का इस्तेमाल करके लू से खुद को बचाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि नींबू पानी पिएं, सुबह और शाम को टहलें, जहां तक हो सके सीधी धूप में निकलने से बचें और नियमित रूप से पानी पीकर शरीर को हाइड्रेटेड रखें।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *