जनेकृविवि में एनसीसी कैडेट नामांकन अभियान संपन्न
जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय, जबलपुर के कुलपति की प्रेरणा से कृषि महाविद्यालय, जबलपुर द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एनसीसी नामांकन अभियान का सफल आयोजन किया।
इसमें कृषि, वानिकी और कृषि अभियांत्रिकी संकायों के विद्यार्थियों ने बड़े उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ सक्रिय रूप से भाग लिया। चयन प्रक्रिया अधिष्ठाता कृषि महाविद्यालय, जबलुपर डॉ. अल्पना सिंह और 1 एमपी आर्टिलरी एनसीसी रेजिमेंट, जबलपुर की कमांडिंग ऑफिसर कर्नल कीर्ति सिंद्रे के मार्गदर्शन एवं देखरेख में संपन्न हुई। भारतीय सेना के अधिकारियों और एएनओ कैप्टन राहुल डोंगरे ने मूल्यांकन प्रक्रिया का संचालन किया। सबसे अनुशासित और सक्षम कैडेटों की पहचान करने के लिए उम्मीदवारों का कड़े शारीरिक परीक्षणों और मानसिक दक्षता मूल्यांकन के माध्यम से परीक्षण किया गया।चयन प्रकिया में शामिल कुल 38 प्रतिभागियों में से 19 कैडेटों का चयन किया गया। नव-नामांकित कैडेटों को नेतृत्व क्षमता, शारीरिक सहनशक्ति, अनुशासन और चरित्र निर्माण के उद्देश्य से व्यापक प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे वे अपनी पूर्ण क्षमता को पहचानकर सम्मानपूर्वक राष्ट्र की सेवा कर सकें। सभी चयनित कैडेटों को विश्वविद्यालय परिवार ने हार्दिक बधाई प्रेषित की है।
